इंफाल, 17 अगस्त।
मणिपुर में हिंसा और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। पुलिस और केंद्रीय बलों द्वारा चलाए जा रहे सिलसिलेवार अभियानों के दौरान भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार, विस्फोटक और कारतूस जब्त किए गए हैं। इस दौरान एक उग्रवादी को भी दबोचा गया है।
कांगपोकपी और तामेंगलोंग सीमा पर आईटी रोड स्थित लासन व लांगका क्षेत्रों में मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ की साझा टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एसएलआर, इंसास और मॉडिफाइड .303 राइफल के अलावा एक पोम्पी गन और पांच बंदूकें बरामद की गईं। मौके से विभिन्न प्रकार के कारतूस भी बरामद हुए हैं।

एक अन्य कार्रवाई में इंफाल पश्चिम के लामडेंग माखा लीकाई क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने उग्रवादी संगठन केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय सदस्य साइचे बॉयसन कोम को गिरफ्तार किया। मूल रूप से इंफाल पूर्व के लैरोक कोम गांव का निवासी 37 वर्षीय यह आरोपी विस्फोटक और घातक हथियारों की खेप ले जा रहा था।
पकड़े गए उग्रवादी के कब्जे से एक .303 एलएमजी, एक एम4 राइफल, एके-56 और एक एके असॉल्ट राइफल बरामद की गई है। इसके साथ ही 51 एमएम मोर्टार, दो .32 पिस्तौल, तीन ग्रेनेड, चीनी हैंड ग्रेनेड, लैथोड शेल, 87 कारतूस, डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी सेट और एक गाड़ी भी जब्त की गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग केस दर्ज कर लिए गए हैं। सुरक्षा बल बरामद सामग्रियों के नेटवर्क और उग्रवादी के संबंधों को खंगालते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं।














