पलवल, 21 अक्टूबर।
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बंचारी गांव के पास केसीएम स्कूल के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी घायल हो गया। दोनों उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के इस्मायलपुर गांव से नोएडा जा रहे थे। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। मुंडकटी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, इस्मायलपुर निवासी चंद्रप्रकाश ने बताया कि उनका बेटा निखिल कुमार अपने दोस्त विकास के साथ बाइक से नोएडा के लिए रवाना हुआ था। रात करीब साढ़े आठ बजे बंचारी गांव के पास केसीएम स्कूल के नजदीक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के समय विकास बाइक चला रहा था और निखिल पीछे बैठा था। टक्कर लगने से निखिल सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गए।
मुंडकटी थाना पुलिस ने चंद्रप्रकाश की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच अधिकारी हवलदार कर्मबीर ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
थाना प्रभारी कैलाश भड़ाना ने बुधवार को बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित होटलों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।













