सोनीपत, 21 अक्टूबर।
खरखौदा के खिलाड़ी यश राणा ने आठवीं राष्ट्रीय बैंडी आइस हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। देहरादून में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिली सफलता से उन्होंने अपने विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के बाद बुधवार को प्रताप स्कूल परिसर में यश का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित एवं प्रताप स्कूल के खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, विद्यालय की प्राचार्या दया दहिया, शैक्षणिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया और कोच सुमनलता ने यश को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
ओमप्रकाश दहिया ने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प जरूरी हैं। यश राणा की इस उपलब्धि से अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि यश आने वाले समय में भी इसी तरह अच्छा प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
यश राणा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, प्रताप स्कूल प्रबंधन समिति और अपनी कोच को दिया।














