बालोद, 21 अक्टूबर।
जिले के शिक्षित और तकनीकी योग्यता रखने वाले युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने के लिए 22 अक्टूबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला संयुक्त जिला कार्यालय परिसर स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में लगेगा।
रोजगार मेले के माध्यम से चार निजी नियोजकों द्वारा कुल 215 तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। दसवीं, बारहवीं, इंजीनियरिंग, आईटीआई, बीएससी कृषि, स्नातक और स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें आवेदन कर सकेंगे। अस्पताल के कर्मचारियों सहित अन्य निर्धारित योग्यताएं रखने वाले उम्मीदवार भी इन पदों के लिए पात्र होंगे।
ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को ई-रोजगार पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए केवल ऑनलाइन प्रक्रिया ही मान्य होगी।
साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यताओं के मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और रोजगार पंजीयन कार्ड की छायाप्रति साथ लानी होगी। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय पोर्टल देखा जा सकता है। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय बालोद के दूरभाष नंबर 07749-299509 पर संपर्क किया जा सकता है।













