भागलपुर, 21 अक्टूबर।
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भागलपुर में विधान परिषद चुनाव की जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. एनके यादव के समर्थन में मतदान करने की अपील की। सभा के दौरान शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के करीब 80 सदस्यीय दल ने मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं।
भागलपुर इकाई के अध्यक्ष अभय मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे अनुदेशकों ने शिक्षा मंत्री को अंगवस्त्र और फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्हें मांग पत्र सौंपकर अंशकालिक सेवा को पूर्णकालिक करने की मांग दोहराई। मंत्री से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद अनुदेशकों को अपनी मांग पूरी होने की उम्मीद बढ़ी है।
मंच पर मौजूद प्रत्याशी डॉ. एनके यादव, भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, विधायक रोहित पांडे और जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने भी अनुदेशकों की मांगों का समर्थन किया। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस संबंध में विभाग मानक संचालन प्रक्रिया तैयार कर रहा है और जल्द ही इस पर काम पूरा होगा।
सभा के बाद मंत्री ने कहा कि सरकार सभी के जायज काम क्रमवार पूरा कर रही है। अब अनुदेशकों को विभागीय प्रक्रिया पूरी होने और सरकार के अगले कदम का इंतजार है।














