श्रीनगर, 21 अक्टूबर।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उधमपुर जिले के रामनगर में हुए बस हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उपराज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि रामनगर में बस दुर्घटना के कारण हुई जनहानि की खबर से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई और हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मनोज सिन्हा ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को कहा है।













