भागलपुर, 22 अक्टूबर।
जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ की गई बयानबाजी पर कड़ी आपत्ति जताई है। गुरुवार को जदयू जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने छोटू सिंह द्वारा प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार और विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ पर लगाए गए आरोपों की निंदा की।
विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि बिना ठोस तथ्यों और प्रमाणों के वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाना राजनीतिक हताशा और नकारात्मक राजनीति का उदाहरण है। उन्होंने छोटू सिंह को पंचायत चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि राजनीति किसी की निजी जागीर नहीं है। यदि उनमें राजनीतिक साहस है, तो उन्हें पंचायत चुनाव लड़कर जनता के बीच अपनी लोकप्रियता और जनाधार साबित करना चाहिए।
इस दौरान जदयू के जिला प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर ने भी बयानबाजी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं पर इस तरह के आरोप लगाना छोटू सिंह की संकीर्ण सोच, हताशा और सामंतवादी मानसिकता को दर्शाता है।
शैलेन्द्र तोमर ने कहा कि विरोध करना प्रत्येक व्यक्ति का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध करते समय लोकतांत्रिक मर्यादा और राजनीतिक शिष्टाचार का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक मतभेदों को मर्यादित तरीके से व्यक्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।














