बारुईपुर, 22 अक्टूबर।
दक्षिण चौबीस परगना जिले के बारुईपुर स्थित हरिहरपुर के ईडन मेघबालिका आवासीय परिसर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी दुर्गापूजा महोत्सव अत्यंत अगाध आस्था और उमंग के साथ संपन्न हुआ। माँ जगदम्बा की भक्तिमयी आराधना के साथ-साथ सोसाइटी परिसर में अनेक सांस्कृतिक व मनोरंजक कार्यक्रमों की धूम रही। म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी, नृत्य, संगीत, नाट्य मंचन, ओपन क्विज़ और मैजिक शो जैसी गतिविधियों ने इस आयोजन में चार चाँद लगा दिए। धार्मिक रीति-रिवाजों के पालन के साथ इन प्रस्तुतियों ने सभी रहवासियों को एक साथ आकर उत्सव का आनंद उठाने का सुनहरा अवसर दिया।
दुर्गोत्सव के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अर्चना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का प्रबंध किया गया था। बीते सत्रह अक्टूबर को महिलाओं हेतु म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, वहीं अठारह अक्टूबर को आरजे अंकिता साहा की देखरेख में अंताक्षरी स्पर्धा आयोजित हुई, जिसमें लोगों ने अपनी संगीतमय प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्नीस अक्टूबर को आयोजित ओपन क्विज़ प्रतियोगिता में लोगों ने अपने सामान्य ज्ञान को परखा। इसके साथ ही एकल गायन, नृत्य, बांग्ला गीत-कविता, प्रहसन और ऑडियो ड्रामा जैसी मनोरम प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास से भर दिया।
उत्सव की इस श्रृंखला में बीस अक्टूबर को प्रसिद्ध जादूगर ए. कुमार के मैजिक शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उसी दिन सभी प्रतिभागियों तथा विजेताओं को ट्रॉफी व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस समूचे उत्सव के दौरान धार्मिक निष्ठा, सांस्कृतिक सरोकार और सामाजिक सहभागिता का अद्भुत मेल दिखाई दिया। दुर्गापूजा के पावन अवसर पर संपन्न हुए इन आयोजनों ने सोसाइटी के निवासियों के मध्य आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को और अधिक दृढ़ किया।














