जांजगीर-चांपा, 22 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दीपावली से पहले अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर 160 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और पटाखों के अवैध भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को जांजगीर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पटाखे अवैध रूप से जमा किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान जांजगीर के वार्ड क्रमांक 20 निवासी राहुल महंत के कब्जे से एक क्विंटल 60 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये आंकी गई है।इस मामले में सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 866/2026 दर्ज किया गया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।इस अभियान में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह और मुकेश पाण्डेय सहित प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास तथा अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों और पटाखा कारोबारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वैध अनुमति के बिना विस्फोटक सामग्री का भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने और पटाखों की खरीद-बिक्री में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।














