लखनऊ, 22 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और अतुल लिमये गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। दोनों पदाधिकारी आशियाना स्थित चांसलर क्लब में आयोजित बैठक में शामिल हुए।
दोनों सह सरकार्यवाहों की मौजूदगी में हो रही इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संघ के शताब्दी वर्ष से जुड़े कार्यक्रम पूरे होने के बाद अब संगठन का ध्यान उत्तर प्रदेश पर केंद्रित है। इसके तहत समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
बैठक में अवध और कानपुर प्रांत के संघ पदाधिकारियों के साथ समान विचारधारा वाले संगठनों के प्रांतीय पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है। इसके अलावा सभी छह प्रांतों के प्रांत प्रचारक, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक तथा दोनों क्षेत्रों में सक्रिय विभिन्न संगठनों के क्षेत्रीय पदाधिकारी भी इसमें भाग ले रहे हैं।
इससे पहले संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले चार दिवसीय दौरे पर लखनऊ आए थे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय कोर समिति, वरिष्ठ प्रचारकों और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ चर्चा की थी। उन्होंने कुछ पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात भी की थी। मौजूदा बैठक को उनके दिए गए निर्देशों को आगे बढ़ाने की कड़ी के रूप में भी देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों की अलग-अलग बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इनमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने की योजना है। इसके लिए प्रांत स्तर पर वक्ता कार्यशालाएं आयोजित करने के साथ छोटी-छोटी बैठकें भी की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने और शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा।














