कोलकाता, 22 अक्टूबर।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर में एक कार से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और प्रतिबंधित रसायन मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बुधवार रात हुई इस बरामदगी के बाद पुलिस, राष्ट्रीय जांच एजेंसी, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड और फॉरेंसिक टीम ने इलाके में जांच तेज कर दी है। मामले में स्थानीय बाइक शोरूम संचालक रकीबुल इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल किसी बड़ी आतंकी साजिश में किया जाना था या नहीं। पुलिस और विशेष कार्य बल से मिली जानकारी के अनुसार, दत्तपुकुर के तेतुलतला इलाके में एक संदिग्ध कार को लेकर पहले ही खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद एजेंसियां उस पर नजर रख रही थीं। बुधवार रात कार को रोककर उसके मालिक रकीबुल को हिरासत में लिया गया और पूछताछ शुरू की गई।
जांचकर्ताओं को आशंका है कि कार में रखे विस्फोटक और प्रतिबंधित रसायन कोलकाता ले जाए जाने थे। हालांकि, इन्हें शहर में कहां पहुंचाया जाना था, इसका उद्देश्य क्या था और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, कार से विस्फोटक जैसी संदिग्ध सामग्री और लोहे की जालियां बरामद हुई हैं। सामग्री की प्रकृति और क्षमता का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक परीक्षण कराया जा रहा है। गिरफ्तार रकीबुल को अदालत में पेश कर राष्ट्रीय जांच एजेंसी पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की मांग कर सकती है।
बारासात पुलिस जिले की पुलिस अधीक्षक एम. मर्सी ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। बरामद सामग्री की वैज्ञानिक जांच की जा रही है और मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जांच में रकीबुल की व्यावसायिक पृष्ठभूमि भी सामने आई है। बताया गया है कि उसने करीब दस साल पहले कार मरम्मत का काम छोड़कर बाइक का शोरूम शुरू किया था। वर्तमान में दत्तपुकुर के तेतुलतला, बीड़ा और देगंगा के बेड़ाचांपा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में उसके चार बड़े बाइक शोरूम हैं।
जांच एजेंसियां आमडांगा में कुछ वर्ष पहले हुए एक संदिग्ध विस्फोट की घटना की भी पड़ताल कर रही हैं। बताया जाता है कि उस समय जिस बाइक शोरूम में विस्फोट हुआ था, उसका मालिक भी रकीबुल ही था। एजेंसियां पता लगा रही हैं कि पुरानी घटना और मौजूदा बरामदगी के बीच कोई संबंध है या नहीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, संदिग्ध कार पिछले दो दिनों से दत्तपुकुर के तेतुलतला रोड पर एक शोरूम के पास लावारिस खड़ी थी।














