काठमांडू, 22 अक्टूबर।
नेपाल में देवघाट और मौलाकालिका मंदिर को केबल कार सेवा से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। व्यावसायिक समूह आईएमई ग्रुप ने इस परियोजना का निर्माण दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
प्रस्तावित केबल कार चितवन जिले के देवघाट से पूर्वी नवलपरासी जिले की गैंडाकोट नगरपालिका स्थित मौलाकालिका मंदिर तक संचालित होगी। फिलहाल इस परियोजना के लिए पर्यावरणीय प्रभाव आकलन की प्रक्रिया चल रही है।
आईएमई ग्रुप के अध्यक्ष चंद्र ढकाल ने बताया कि देवघाट और मौलाकालिका मंदिर दोनों ही प्रमुख धार्मिक स्थल हैं। इस योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना सुविधाजनक बनाना है।
ढकाल के अनुसार, दोनों स्थलों को केबल कार से जोड़ने पर श्रद्धालु एक धार्मिक स्थल के दर्शन करने के बाद आसानी से दूसरे स्थान पर भी जा सकेंगे। इससे इन दोनों धार्मिक केंद्रों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
प्रस्तावित मार्ग की लंबाई लगभग दो किलोमीटर होगी। योजना के तहत देवघाट और मौलाकालिका मंदिर से कुछ नीचे दो अलग-अलग स्टेशन बनाए जाएंगे। हालांकि, परियोजना पर होने वाले कुल खर्च का अभी निर्धारण नहीं किया गया है।
वर्तमान में आईएमई ग्रुप गैंडाकोट स्थित बॉटम स्टेशन से मौलाकालिका मंदिर के पास बने इला होटल तक केबल कार सेवा चला रहा है। इस मार्ग की लंबाई 1.2 किलोमीटर है।
कंपनी के मुताबिक, मौजूदा सेवा के माध्यम से हर साल करीब दो लाख श्रद्धालु मौलाकालिका मंदिर पहुंचते हैं। ग्रुप के अध्यक्ष चंद्र ढकाल ने बताया कि केबल कार सेवा शुरू होने के बाद मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।













