मालदा, 22 अक्टूबर।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र के रामकेली इलाके में विजयादशमी की शाम सत्ताईस वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता समीर घोष की उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हथियारबंद हमलावरों ने पहले उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए और फिर मौत पक्की करने की नियत से गोलियाँ भी चला दीं। इस खूनी वारदात में कुछ अन्य लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस दल बुधवार रात मौके पर पहुँचा और गंभीर रूप से घायल समीर को तुरंत चिकित्सा केंद्र ले गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई विवेक घोष ने आरोप लगाया है कि समीर भाजपा में काफी सक्रिय थे, जिस वजह से उन्हें लगातार धमकियाँ मिल रही थीं। उनके अनुसार राजनीतिक रंजिश के कारण स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं के साथ समीर का लंबे समय से विवाद चला आ रहा था और दशमी की शाम जब वह घर में अकेले थे, तभी इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया।
परिजनों ने इस हत्या का सीधा आरोप स्थानीय तृणमूल नेता शत्रु घोष और उनके सहयोगियों पर लगाया है। दूसरी ओर सत्तारूढ़ दल के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इन सभी आरोपों का खंडन करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया है। पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।














