गुवाहाटी, 23 अक्टूबर।
असम के कछार जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खुफिया सूचना के आधार पर रात में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 19 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की याबा टैबलेट्स बरामद की हैं और मौके से एक मादक पदार्थ तस्कर को दबोच लिया है।
इस बड़ी सफलता की जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए साझा की है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा है कि अपराधियों द्वारा सीमा पर वाहन बदलने से भी अब कोई फायदा नहीं मिलने वाला है।
कछार पुलिस ने इस कार्रवाई के तहत 19.6 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत वाली 78,400 संदिग्ध याबा गोलियां जब्त की हैं। साथ ही इस अवैध खेप को ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही कार (संख्या एएस-11जेड-7188) को भी कब्जे में ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि असम पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि इन अपराधियों के अपराध का कोई दूसरा अध्याय यानी 'सीक्वल' न लिखा जा सके, जिसके लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि असम सरकार ने राज्यभर में नशीले पदार्थों के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ रखा है। इसी का परिणाम है कि आए दिन भारी मात्रा में हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप और याबा टैबलेट्स जैसे मादक पदार्थ बरामद हो रहे हैं तथा तस्कर लगातार सलाखों के पीछे भेजे जा रहे हैं।














