अयोध्या, 24 अक्टूबर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह श्रीरामलला के दर्शन और पूजन के लिए राम मंदिर रवाना हुए। दर्शन के बाद तावड़े पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में जिला प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। चर्चा के दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और आगामी गतिविधियों को लेकर जरूरी विषयों पर बातचीत होगी।
अयोध्या प्रवास के दौरान विनोद तावड़े अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ अलग से क्षेत्रीय बैठक भी करेंगे। इसमें क्षेत्रीय कार्यसमिति के सदस्यों के अलावा भाजपा के सभी मोर्चों के अध्यक्ष भाग लेंगे। अवध क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त तावड़े की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उससे जुड़े वैचारिक संगठनों के सदस्यों के साथ संवाद बैठक भी निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा है। इस प्रवास के जरिए पार्टी संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा और समन्वय पर जोर दिया जाएगा।













