धर्मशाला, 24 अक्टूबर।
हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटों को मंजूरी मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और सुलह विधायक विपिन सिंह परमार ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया। इन सीटों के लिए करीब 415 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी स्वीकृत की गई है।
परमार ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को गति मिलेगी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे चिकित्सा स्नातकों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और भविष्य में आम लोगों को बेहतर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर लगातार ध्यान दे रही है। हिमाचल प्रदेश के लिए स्वीकृत यह सहायता राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रस्तावित सभी 320 स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटों को मंजूरी मिलना सराहनीय है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं, ताकि इस निर्णय का लाभ प्रदेश की जनता तक पहुंच सके।














