वाराणसी, 24 अक्टूबर।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार शाम वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री शैलेष पांडेय सहित अन्य नेता शामिल रहे।
रविवार को एयर शो के समापन समारोह में होंगे शामिल
हवाई अड्डे पर स्वागत के बाद रक्षामंत्री शहर के लिए रवाना हो गए। वह रविवार को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह आयोजन भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी विशेष मौजूदगी रहेगी।
मंदिरों में करेंगे दर्शन-पूजन
वाराणसी प्रवास के दौरान राजनाथ सिंह शनिवार को श्री संकटमोचन मंदिर और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह छावनी क्षेत्र स्थित 39 जीटीसी परिसर के अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।














