वाराणसी, 24 अक्टूबर।
भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित तीन दिवसीय विशाल एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को गगनभेदी गर्जना से पूरा आसमान गूंज उठा। पवित्र गंगा नदी के ठीक ऊपर लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के अकल्पनीय हवाई करतब देखने के लिए अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। नमो घाट के अलावा जीटी रोड और गंगा पार डोमरी क्षेत्र में भी लोग इस अनूठे नजारे के साक्षी बने।
गंगा के ऊपर से सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, स्वदेशी तेजस और मिग-29 जैसे अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों ने एरोहेड फॉर्मेशन में एक साथ उड़ान भरकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। घाटों पर मौजूद हजारों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साहवर्धक नारों के साथ पायलटों का अभिवादन किया।
प्रदर्शन के दौरान प्रचंड फॉर्मेशन के जरिए भारतीय वायु सेना की अदम्य युद्ध क्षमता, तत्परता और हवाई सर्वोच्चता का शानदार प्रदर्शन हुआ। इस बीच स्वदेशी एलसीए तेजस अपने 'अस्सी' कॉलसाइन के साथ मुख्य आकर्षण बना रहा। तेजस ने बेहद कम ऊंचाई पर एरोबेटिक करतब दिखाकर लोगों में नया जोश भर दिया, वहीं राफेल के साहसिक मोशन भी दर्शकों को खूब भाए।
रक्षा मंत्रालय (प्रयागराज) के प्रवक्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) देबार्थो धर ने जानकारी दी कि रविवार, 25 अक्टूबर की दोपहर नमो घाट पर भव्य हवाई प्रदर्शन का समापन होगा, जो पिछले दो दिनों से भी अधिक रोमांचक रहेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।














