हिसार, 24 अक्टूबर।
हरियाणा के हिसार जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की हांसी इकाई ने चौधरीवास गांव के सरपंच अशोक कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सरपंच ने शिकायतकर्ता की दाल मिल के अनापत्ति प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के बदले रकम मांगी थी।
शिकायतकर्ता नवीन गर्ग ने ब्यूरो को बताया कि गांव में स्थित उनकी दाल मिल की अनापत्ति संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए सरपंच ने 50 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने इंस्पेक्टर नरेंद्र के नेतृत्व में जाल बिछाया।
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हनुमान, वीरेंद्र और सुनील के साथ हवलदार परमानंद तथा सिपाही अजय शामिल थे। शिकायतकर्ता से जैसे ही सरपंच ने 50 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में हिसार स्थित ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।














