नई दिल्ली, 24 अक्टूबर।
पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक स्कूल में छात्रा की आग से झुलसकर मौत के मामले में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को विद्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक अनिल गोयल भी मौजूद रहे। इस दुखद घटना के बाद मंत्री ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर मामले की स्थिति समझी।
मंत्री ने घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित कारणों की जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने जांच की प्रगति और अब तक सामने आए साक्ष्यों के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
आशीष सूद ने छात्रा की मृत्यु को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि इस घटना से सभी व्यथित हैं। दिल्ली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उनके अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच हो, जिससे घटना से संबंधित सभी तथ्य सामने आ सकें। जांच पूरी होने से पहले घटना के कारणों और अन्य पहलुओं पर निश्चित रूप से कुछ कहना उचित नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।














