औरैया, 26 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में फायरमैन बृजेश कुमार पाल का शव सोमवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। इस मामले में उनके भाई अवधेश कुमार ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।
अवधेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके भाई बृजेश कुमार पाल, शिवप्रकाश पाल के पुत्र थे। 25 अक्टूबर की रात किसी का फोन आने के बाद वह मोटरसाइकिल लेकर घर से निकले थे। अगले दिन सोमवार सुबह करीब छह बजे उन्हें सूचना मिली कि हालेपुर गांव के पास आम के पेड़ पर उनके भाई का शव लटका हुआ है। इसके बाद वह परिवार और गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे।
अवधेश कुमार का कहना है कि घटनास्थल पर शव की स्थिति देखकर उन्हें हत्या किए जाने का संदेह हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ पर लटकाया गया। उनके मुताबिक, बृजेश के दोनों हाथ गमछे से बंधे थे और उनके पैर जमीन को छू रहे थे।
उन्होंने अपने दावे के समर्थन में घटनास्थल की तस्वीरें भी प्रार्थना पत्र के साथ देने की बात कही है। साथ ही पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, रिपोर्ट दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














