इटानगर, 26 अक्टूबर।
अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना के विरोध के दौरान पासीघाट में भड़की हिंसा के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की दो कंपनियां तैनात की हैं। क्षेत्र में परियोजना को लेकर तनाव बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम से पासीघाट में रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती शुरू हो गई। करीब 250 जवान भारतीय वायु सेना के विमान से यहां पहुंचाए गए।
गृह मंत्रालय ने शनिवार को तैनाती के निर्देश दिए थे। इसके बाद नवी मुंबई से रैपिड एक्शन फोर्स की दो कंपनियों को भारतीय वायु सेना के परिवहन विमान के जरिए पासीघाट भेजा गया। ये टुकड़ियां रविवार को पहुंचीं और उन्हें क्षेत्र में तैनात कर दिया गया।
सियांग क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना के विरोध को लेकर इलाके में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। केंद्र सरकार ने कानून-व्यवस्था नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।














