हरिद्वार, 26 अक्टूबर।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने ऑटो-रिक्शा और विक्रम वाहनों में तय किराए से अधिक रकम वसूलने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। जांच के दौरान 105 चालान किए गए और 25 वाहन जब्त किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और प्रवर्तन अधिकारी नेहा झा के नेतृत्व में अधिकारियों ने आम यात्रियों की तरह ऑटो और विक्रम में सफर कर किराए की जांच की। इस कार्रवाई में परिवहन निरीक्षक अनिल, निपुल और विभाग के अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।
जांच के दौरान रानीपुर मोड़ से रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए दो विक्रम चालकों द्वारा 300 रुपये किराया मांगे जाने की पुष्टि हुई। इस मार्ग का सामान्य किराया 50 रुपये बताया गया है। तय दर से कई गुना अधिक रकम मांगने पर दोनों विक्रम जब्त कर लिए गए।
इसके अलावा, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर एक ई-रिक्शा और बिना पंजीकरण चल रहे दो ई-रिक्शा भी जब्त किए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से मनमाना किराया लेने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और बिना पंजीकरण वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों के हितों और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आकस्मिक जांच का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।














