कोलकाता, 26 अक्टूबर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आलमबाजार शाखा (अखंडानंद नगर) की ओर से रविवार रात रामलोचन घाट परिसर में कौमुदी महोत्सव और कोजागरी पूर्णिमा उत्साह के साथ मनाई गई। शरद पूर्णिमा के अवसर पर देवी महालक्ष्मी और चंद्रदेव की पूजा की गई। इसके साथ पारंपरिक कबड्डी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
आयोजन में करीब 500 स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कोलकाता उत्तर के भाग कार्यवाह विकास सिंह रहे। उन्होंने कोजागरी पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व और अष्टलक्ष्मी की अवधारणा पर अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने वर्ष 1946 में हुए नोआखाली नरसंहार की घटनाओं को भी याद किया।
विकास सिंह ने कहा कि समाज को केवल बाहरी धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। आत्मिक और सामाजिक चेतना को मजबूत बनाना भी जरूरी है। उन्होंने धैर्य और वीरलक्ष्मी के आदर्श अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे समाज की एकता और सुरक्षा को मजबूती मिल सकती है।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं और अतिथियों को परमान्न यानी खीर और महाप्रसाद वितरित किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखंडानंद नगर शाखा के प्रतिनिधि कुंदन प्रसाद साव ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि बेहतर व्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम से क्षेत्र में सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश पहुंचा।














