लखनऊ, 03 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सदर विधायक शलभमणि त्रिपाठी पर लगे आरोपों को लेकर प्रदेश की सियासत गर्म हो गई है। समाजवादी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों के बीच सुभासपा ने विधायक शलभमणि का खुलकर समर्थन किया है और उनके बचाव में मोर्चा संभाला है।
सुभासपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राघवेंद्र राम द्विवेदी ने कहा कि बिना ठोस तथ्यों के आरोप लगाना गलत है और यह केवल राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा द्वारा फैलाए जा रहे आरोपों से जनता भ्रमित हो रही है और इसका सच्चाई से कोई संबंध नहीं है।
राघवेंद्र ने सोशल मीडिया पर लिखा कि केवल बयानबाजी और दिखावे की राजनीति से सच नहीं बदलता। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके कुछ प्रवक्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दगे हुए कारतूस बन चुके हैं, न आवाज में दम है और न ही बात में असर।
सुभासपा का कहना है कि सक्रिय जनप्रतिनिधियों को बदनाम करना लोकतंत्र के लिए सही संदेश नहीं है। राघवेंद्र ने जोर देकर कहा कि सुभासपा हमेशा सच और जनहित के पक्ष में खड़ी रही है और भविष्य में भी मजबूती से खड़ी रहेगी।











