इंफाल, 14 मई।
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हुए घातक हमले के बाद कुकी-जो बहुल क्षेत्रों में तनाव और विरोध की स्थिति गहराती जा रही है। इस हमले में चर्च से जुड़े तीन लोगों की मौत और चार अन्य के गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश फैल गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि 13 मई को न्यू कीथेलमानबी पुलिस थाना क्षेत्र के साहिबुंग गांव के पास दो वाहनों पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की। इस घटना में तीन नागरिकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना के विरोध में कुकी-जो समुदाय में व्यापक नाराजगी देखी जा रही है। कुकी इनपी, मणिपुर ने चर्च से जुड़े लोगों पर हुए हमले को बेहद गंभीर बताते हुए इसे शांति पर सीधा प्रहार करार दिया है। संगठन ने इस घटना के खिलाफ कड़े विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, घात लगाकर मारे गए लोगों के शव लेने के लिए हजारों लोग बीती रात जिला अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और पूरी रात प्रार्थना करते हुए वहां डटे रहे। इसके साथ ही कुकी इनपी ने कुकी-जो बहुल इलाकों में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह शिजा अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात कर घटना की निंदा की तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने भी इस हमले को पूरी तरह अमानवीय बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और शांति बनाए रखने की अपील की। विभिन्न विधायकों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की है।
यूनाइटेड नागा काउंसिल ने भी इस हमले की निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया ने भी इस घटना को लेकर गहरी चिंता जताई है।
इसी बीच इस हमले को लेकर कुकी इनपी ने जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट पर आरोप लगाए हैं, जिन्हें संगठन ने सिरे से खारिज करते हुए बेबुनियाद बताया है।
लगातार जारी तनाव और हिंसा के बीच कांगपोकपी की यह घटना क्षेत्रीय विभाजन और गहराने की आशंका को और मजबूत कर रही है। हालांकि पूरे इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और आज मृतकों के अंतिम संस्कार की संभावना जताई जा रही है।














