नई दिल्ली, 25 मार्च।
मध्य जिले के करोल बाग इलाके में मंगलवार रात जयपुर से दिल्ली आ रही एक स्लीपर टूरिस्ट बस अचानक पलट गई। इस हादसे में 23 यात्री घायल हो गए, जबकि दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की मदद से कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:05 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि चेम्बरी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक बस पलट गई है और कई यात्री उसमें फंसे हैं। सूचना मिलते ही करोल बाग थाने की टीम मौके पर पहुंची। बस में सवार यात्री अंदर फंसे हुए थे और मदद के लिए चीख-पुकार कर रहे थे।
बस (नंबर आरजे-14PE-5065) जयपुर से फतेहपुरी, सदर बाजार की ओर आ रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। मौके पर पहुंचे कॉन्स्टेबल रोहित ने जेसीबी मशीन का सहारा लेकर बस को थोड़ा उठाया और पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सड़क किनारे पड़े भारी सीमेंट ब्लॉकों का उपयोग बस को सुरक्षित रखने के लिए किया गया।
रेस्क्यू के दौरान करीब 10 गंभीर घायलों को तुरंत सर गंगा राम अस्पताल भेजा गया। इसके बाद अन्य पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और बचाव कार्य में तेजी लाई गई। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। 12 घायलों को आरएमएल अस्पताल, 10 को गंगा राम अस्पताल और एक को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। आरएमएल अस्पताल में इलाज के दौरान दो पुरुषों की मौत हो गई। मृतकों में से एक की पहचान बिजनौर निवासी शहबाज आलम (30) के रूप में हुई, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
बस चालक पंकज कुमार (26), जो अलवर (राजस्थान) का निवासी है, हादसे में घायल हुआ और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, समय पर की गई कार्रवाई और टीमवर्क के कारण बड़ा नुकसान टल गया और कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी। मामले की जांच जारी है।












