जोधपुर, 02 अप्रैल।
शहर के सरदारपुरा इलाके में रहने वाले एक अंडर ट्रेनी अधिवक्ता ऑनलाइन गेमिंग के शौक में ठगी का शिकार हो गया। शातिरों ने उसे ऑनलाइन गेमिंग के बहाने फंसाकर लगभग 6 लाख रुपए का फ्रॉड कर दिया। पीड़ित ने अब सरदारपुरा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया कि सरदारपुरा दूसरी सी रोड निवासी तनुज जैन पुत्र मुकेश जैन ने रिपोर्ट दी। वह ऑनलाइन गेमिंग का शौकीन है। 29 मार्च को गेमिंग ऐप डाउनलोड करने के दौरान शातिरों ने उसे फंसाया और पहले दस हजार रुपए डलवाए। जब वह राशि उसके खाते में नहीं पहुंची, तो कॉल कर कहा गया कि दस हजार और डाले जाएं ताकि कुल बीस हजार रुपए एक साथ विड्राल हो जाएं।
तनुज ने झांसे में आकर प्रक्रिया जारी रखी और बाद में पांच हजार रुपए और डाले ताकि 25 हजार रुपए एक साथ विड्राल हो जाएं। इसी क्रम में वह लगभग 6 लाख रुपए गंवा बैठा। जांच में पता चला कि फ्रॉड ऑनलाइन गेमिंग के बहाने किया गया। मामले की छानबीन एसआई दीपलाल को सौंपी गई है।











