देहरादून, 09 मई।
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ गर्जन की स्थिति बन सकती है, वहीं अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहने का अनुमान है।
विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और तापमान में उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार पिछले चौबीस घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। आगामी दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जिसके बाद फिर गिरावट आ सकती है।
राजधानी देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने और गर्जन वाले बादलों के विकसित होने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की वर्षा दर्ज की गई है। यमकेश्वर में सबसे अधिक 14 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि गरुड़ में 4.5 मिलीमीटर और ज्योलीकोट में 2.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चौखुटिया, कौसानी, हर्षिल, बड़कोट, गंगोलीहाट और जोशीमठ सहित कई क्षेत्रों में भी हल्की बारिश देखने को मिली।











