पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी हलचल के बीच तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव किया है। इस बदलाव को राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
उन्होंने फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया मंचों पर अपने प्रोफाइल में स्वयं को तीन बार की मुख्यमंत्री के रूप में उल्लेखित किया है। ममता बनर्जी ने स्पष्ट रूप से लिखा है कि वह 15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रही हैं और वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। हालांकि उन्होंने कहीं भी “पूर्व मुख्यमंत्री” शब्द का उपयोग नहीं किया है।
दूसरी ओर, शपथ ग्रहण के बाद शुभेंदु अधिकारी ने भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में नाम के साथ मुख्यमंत्री शब्द जोड़ दिया है, जिससे राजनीतिक हलकों में नई चर्चा तेज हो गई है।
चुनाव परिणामों के बाद तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया था कि पार्टी की हार किसी जनमत का परिणाम नहीं बल्कि साजिश का हिस्सा है। ममता बनर्जी ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि वह इस्तीफा नहीं देंगी और इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक साजिश बताया था।
गौरतलब है कि वर्ष 2011 में पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन हुआ था, जब लंबे समय से चले आ रहे वाम शासन का अंत हुआ था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री ने परिणाम के बाद इस्तीफा दे दिया था, लेकिन इस बार ममता बनर्जी ने इस्तीफा नहीं दिया है। अब सोशल मीडिया प्रोफाइल में हुए इस बदलाव ने राज्य की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है।









.jpg)