नई दिल्ली, 09 मई
पश्चिम बंगाल में शनिवार को पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने की स्थिति बन गई है। ममता बनर्जी को दो बार पराजित कर चुके शुभेंदु अधिकारी राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में 207 सीटें हासिल कर भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत प्राप्त कर लिया है, जिसके चलते ममता बनर्जी की सरकार सत्ता से बाहर हो गई है। राज्य में 15 वर्षों तक शासन करने वाली तृणमूल कांग्रेस को इस चुनाव में 81 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
इधर तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। राज्यपाल की ओर से तमिलगा वेत्री कझगम के अध्यक्ष सी जोसेफ विजय को सरकार बनाने का आमंत्रण अभी तक नहीं दिया गया है। माना जा रहा है कि विजय बहुमत के आंकड़े से कुछ पीछे हैं।
टीवीके को कांग्रेस, सीपीआई, वीसीके और सीपीआईएम का समर्थन प्राप्त है, हालांकि वीसीके के समर्थन को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। यदि वीसीके के दोनों विधायक औपचारिक रूप से समर्थन दे देते हैं तो विजय के नेतृत्व में सरकार बनने का रास्ता साफ हो सकता है।








