शाहजहांपुर, 09 मई।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के थाना जलालाबाद क्षेत्र में युवक को गोली मारकर घायल करने के वांछित आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में आरोपी और एक सिपाही घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के अनुसार, बीती देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलीकांड में वांछित आरोपी ग्राम पल्हरई से गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
इसी दौरान पल्हरई गांव से गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर आने वाले संपर्क मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने गति बढ़ा दी। भागने के प्रयास में उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आरोपी की गोलीबारी में सिपाही शुभम सैनी के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी अवनीश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव पेहना निवासी अमित सिंह को ग्राम टापर के पास गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस मामले में अमित के पिता की शिकायत पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच के दौरान अवनीश का नाम सामने आया।
पूछताछ में आरोपी अवनीश ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी और अमित के बीच अवैध संबंध थे, जिससे आक्रोशित होकर उसने हत्या की योजना बनाई। उसने बताया कि बुधवार शाम उसने ग्राम टापर के पास अमित के सिर में गोली मार दी और उसे मृत समझकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बीती रात गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते फरीदाबाद भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।









