उमरिया, 27 अप्रैल
जिले में भीषण गर्मी के बीच इंदवार थाना क्षेत्र के पनपथा–मझौली मार्ग पर सोमवार सुबह चलते-चलते एक कार में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही क्षणों में वाहन पूरी तरह आग की लपटों में घिरकर जलता हुआ गोला बन गया, हालांकि चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम डिहिया निवासी धर्मेंद्र प्रजापति अपनी रेनॉल्ट ट्राइबर कार से शहडोल जिले के ग्राम पोड़ी में एक रिश्तेदार को छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लगभग 11 बजे मझौली के समीप कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिस पर उन्होंने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बोनट खोलकर जांच करने का प्रयास किया।
इसी बीच अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही पलों में पूरी कार आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सड़क किनारे पड़ी लकड़ियों और लेंटाना झाड़ियों को हटाकर आग को आसपास के जंगल तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
इंदवार थाना प्रभारी विजय सिंह पटले के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह घटना शॉर्ट सर्किट के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में इन दिनों तापमान लगातार 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिसके चलते आगजनी की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। कुछ दिन पूर्व घुनघुटी क्षेत्र में भी इसी तरह की कार में आग लगने की घटना सामने आई थी। प्रशासन ने गर्मी के मौसम को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।













