मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को सोशल मीडिया पर फैल रही एक वायरल पोस्ट को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस ने बताया कि जिस घटना को मणिपुर से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा है, वह वास्तव में पड़ोसी देश म्यांमार की है और उसका भारत से कोई संबंध नहीं है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 12 मई की दोपहर लगभग तीन बजे मोलनोई कुकी गांव में घरों में आग लगाए जाने की सूचना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। मामले की जांच के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोलनोई कुकी गांव म्यांमार की सीमा में स्थित है और यह मणिपुर के कामजोंग जिले में सीमा स्तंभ संख्या 113 से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर है।
मुख्यालय ने कहा कि इस घटना को मणिपुर से जोड़कर भ्रम और गलत सूचना फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी खबर या पोस्ट को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
बयान में यह भी उल्लेख किया गया है कि राज्य में सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार भ्रामक और असत्य जानकारी फैलाकर शांति व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए सरकार, पुलिस और सुरक्षा बल सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।






.jpg)


.jpg)