मैड्रिड, 26 मार्च।
यूईएफए महिला चैंपियंस लीग के क्वार्टरफाइनल के पहले चरण में बार्सिलोना महिला फुटबॉल टीम ने रियल मैड्रिड महिला टीम को 6-2 से हराकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया। यह मुकाबला प्रतिष्ठित ‘एल क्लासिको’ के रूप में खेला गया, जिसमें बार्सिलोना का पूरी तरह दबदबा देखने को मिला।
मैच में ईवा पाजोर ने दो गोल किए, जबकि एज्मी ब्रुग्ट्स, आइरीन परेडेस, विकी लोपेज और एलेक्सिया पुटेलास ने एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। रियल मैड्रिड की ओर से लिंडा कैइसेडो ने दोनों गोल किए, लेकिन टीम को हार से बचा नहीं सकीं।
बार्सिलोना ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में 2-0 की बढ़त बनाई। 30वें मिनट में कैइसेडो ने गोल कर रियल को वापसी की उम्मीद दी, लेकिन बार्सिलोना ने लगातार गोल कर स्कोर 5-1 तक बढ़ा दिया। दूसरे हाफ में कैइसेडो ने एक और गोल किया, लेकिन अंत में पुटेलास ने 89वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 6-2 कर दिया।
तीन बार की चैंपियन बार्सिलोना लगातार आठवीं बार सेमीफाइनल में पहुंचने के बेहद करीब है। टीम पिछले पांच सीजन से फाइनल में रही है, हालांकि पिछले साल खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
अब रियल मैड्रिड को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगले हफ्ते बार्सिलोना में होने वाले दूसरे चरण में शानदार वापसी करनी होगी, जो आसान नहीं दिख रही।












