अमेठी, 30 मार्च।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा जारी पीसीएस-2024 के अंतिम परिणाम में अमेठी जिले के 10 प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।
संग्रामपुर ब्लॉक के डेहरा गांव निवासी आयुष पांडेय ने प्रदेश में 10वीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया। उनके पिता पूर्व में बीडीओ पद पर तैनात थे और मां शिक्षिका हैं। कठिन परिश्रम और लगन के बल पर आयुष पांडेय ने अपनी सफलता परिवार और जनपद दोनों के लिए गौरव का विषय बना दी। इसी ब्लॉक की अनुराधा सिंह को कमर्शियल टैक्स विभाग में सफलता मिली है।
जगदीशपुर निवासी मानसी सिंह डिप्टी जेलर, मुसाफिरखाना तहसील के सुधांशु कौशल ट्रेजरी अफसर और पालपुर के अर्पित सिंह डिप्टी कमिश्नर कॉमर्शियल पद पर चयनित हुए हैं। गौरीगंज के पूरबगांव निवासी रजनीश विक्रम सिंह को भी डिप्टी जेलर बनाया गया है। शुकुल बाजार के आशीष शुक्ला कमर्शियल टैक्स ऑफिसर बने हैं। गौरीगंज तहसील के पंडरी गांव की स्नेहा नायब तहसीलदार पद पर सफल रही।
भेंटुआ ब्लॉक के पूरे राम मिश्र सरूवांवा गांव निवासी विनय कुमार मिश्रा ने 71वीं रैंक हासिल कर नायब तहसीलदार पद पर चयनित हुए। उनके पिता दुर्गा प्रसाद मिश्र प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। सभी सफल अभ्यर्थियों ने सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को दिया।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने मिठाई बांटकर खुशियाँ मनाईं और इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। जिले के जनप्रतिनिधियों, डीएम संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अभ्यर्थियों की लगन, अनुशासन और कठिन मेहनत का परिणाम है।











