मीरजापुर, 30 मार्च 2026।
मीरजापुर के नीबी गहरवार गांव के निखिलेंद्र सिंह ने यूपीएससी की परीक्षा में 15वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
किसान शिव श्याम सिंह के पुत्र निखिलेंद्र की यह सफलता सातवें प्रयास में मिली है। इससे पहले उन्होंने लगातार छह बार मेन्स परीक्षा में असफलता का सामना किया, लेकिन हार न मानकर लगातार प्रयास करते रहे। मेहनत रंग लाई और उन्हें ट्रेजरी ऑफिसर के पद पर नियुक्ति मिली।
निखिलेंद्र ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के परिषदीय विद्यालय से पूरी की। इसके बाद प्रयागराज के इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट और फिर निजी डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। तैयारी के दौरान उन्होंने आर्थिक और शैक्षणिक संतुलन बनाए रखने के लिए कोचिंग संस्थान में अध्यापन कार्य भी किया।
सफलता का श्रेय निखिलेंद्र ने अपने माता-पिता और बड़े भाई नीलेंद्र सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास बनाए रखना और कठिन परिस्थितियों में शिक्षा का साथ नहीं छोड़ना सफलता की कुंजी है। परिवार का सहयोग इस राह में सबसे बड़ा संबल होता है।
गांव में उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पूर्व प्रधान गुड्डू सिंह, अरविंद, घनश्याम, सोनू सिंह, शिवशंकर, समीर, नीरज सहित कई लोग उनके आवास पर पहुंचकर शुभकामनाएं दी।











