प्रयागराज, 30 मार्च।
बेसिक शिक्षा विभाग प्रयागराज की ओर से स्कूल चलो अभियान एक अप्रैल को सुबह 10 बजे से जिला पंचायत सभागार के सामने से शुरू होगा। यह अभियान कलेक्ट्रेट से कटरा और जगराम चौराहा होते हुए जिला पंचायत सभागार में संपन्न होगा।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, भदोही सांसद डॉ. रमेश कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महामंत्री डॉ. शैलेश कुमार पाण्डेय, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, दीपक पटेल, वाचस्पति एवं गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, डीएम मनीष कुमार, सीडीओ हर्षिका सिंह और एडी बेसिक संजय कुमार कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल और शिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में छह से 14 वर्ष के बच्चों का नि:शुल्क और अनिवार्य शिक्षा के अधिकार के तहत प्रवेश प्रारंभ है। अभिभावक अपने बच्चे का प्रवेश अपने नजदीकी परिषदीय विद्यालय में करवाएं, पढ़ाई का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार उठाएगी।
बीएसए ने आगे बताया कि परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले बच्चों को पक्का एवं सुरक्षित विद्यालय, नि:शुल्क किताबें, वर्कबुक, दो सेट यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी, प्रतिदिन पौष्टिक मध्यान्ह भोजन, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय, बिजली और पंखों की सुविधा, स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा, प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षक, पुस्तकालय और खेल सामग्री, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, स्वास्थ्य जांच एवं दवाइयां, डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये की धनराशि और दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही नियमित मूल्यांकन और बेहतर शिक्षा का वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।












