जौनपुर, 30 मार्च।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की केराकत तहसील के हुरहुरी गांव की बेटी राजिता सिंह ने यूपीपीसीएस-2024 परीक्षा में 9वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। राजिता सिंह बीडीओ के पद पर चयनित हुई हैं।
राजिता, एसडी पब्लिक स्कूल हुरहुरी की संचालिका रेखा सिंह की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अनुशासन और लगातार प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी मेहनत से न केवल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व और खुशी का माहौल बना हुआ है।
राजिता ने सफलता का श्रेय भगवान, माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य समाज की सेवा करना है और उन्हें यह प्रेरणा परिवार और शिक्षा के वातावरण से मिली। उन्होंने बताया कि एक शिक्षक मार्गदर्शन देता है, लेकिन अधिकारी बनकर समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा भी दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीसीएस की तैयारी पर पूरा ध्यान दिया और इंटरव्यू के बाद सफलता हासिल की। राजिता ने युवाओं और खासकर बेटियों से कहा कि अवसर मिलने पर पूरी मेहनत और लगन से उसे अपनाएं।
राजिता के पिता डॉ. राजेश सिंह और माता रेखा सिंह ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया और कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के लिए हमेशा प्रोत्साहित करना चाहिए। इस सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और जिले को गौरवान्वित किया है।











