प्रयागराज, 31 मार्च।
प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के कुसुवा गांव के पास सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में सीएसडी कैंटीन के कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार विनय कुमार सिंह (32), जो सेना के सीएसडी कैंटीन में कार्यरत थे, किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, विनय कुमार सोमवार रात काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। जब वह एयरपोर्ट के पास स्थित कैंटीन से निकलकर घर की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी कुसुवा गांव के पास किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और अब तक अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है, और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपित वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।












