काठमांडू, 19 मार्च 2026।
कंबोडिया में विभिन्न कारणों से फंसे 20 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित काठमांडू पहुंचा दिया गया है। ये सभी नागरिक अलग-अलग प्रलोभनों में आकर कंबोडिया पहुंचे थे, जिन्हें नेपाल दूतावास बैंकक की मदद से बचाया गया।
दूतावास के अनुसार, इन लोगों को ऑनलाइन स्कैमिंग केंद्रों, ठगी करने वाले कैसीनो और अन्य अवैध गतिविधियों में लगाया गया था, जबकि कुछ लोग बिना वीजा के वहां रह रहे थे। इन सभी को दूतावास की पहल और कंबोडिया सरकार के सहयोग से सुरक्षित निकाला गया। नागरिकों को गैरआवासीय नेपाली संघ कंबोडिया के समन्वय से बुधवार को काठमांडू भेजा गया और वे आज त्रिभुवन अन्तरराट्रीय विमानस्थल पर सुरक्षित पहुंचे।
दूतावास ने यह भी चेतावनी दी कि कंबोडिया में अभी और भी नेपाली नागरिक फंसे हुए हैं। उन्हें भी जल्द वापस लाने के प्रयास जारी हैं। कठिन परिस्थितियों में रह रहे नेपाली नागरिकों से अपील की गई है कि वे बैंकॉक स्थित नेपाली दूतावास या गैर आवासीय नेपाली संघ कंबोडिया के प्रतिनिधियों से संपर्क करें।
कंबोडिया के पर्यटन आंकड़ों के अनुसार, हाल के वर्षों में वहां जाने वाले नेपाली नागरिकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। वर्ष 2021 में 101 नेपाली नागरिक, 2022 में 1,977, 2023 में 2,940, 2024 में 6,404 और 2025 में 9,676 नेपाली नागरिक कंबोडिया पहुंचे। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि रोजगार या अन्य अवसरों के नाम पर बड़ी संख्या में नेपाली युवा विदेश जा रहे हैं, लेकिन कई बार वे धोखाधड़ी और अवैध नेटवर्क के शिकार हो जाते हैं।
दूतावास ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार के लालच या झांसे में आकर कंबोडिया, लाओस, म्यांमार या थाईलैंड जैसी देशों की यात्रा न करें। विदेश जाने से पहले नेपाल सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार श्रम स्वीकृति (लेबर परमिट) लेना अनिवार्य है।












