राजगढ़, 31 मार्च।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम आगर में मंगलवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। शव को देख परिजनों में सनसनी फैल गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा भेजा।
मृतक की पहचान नन्नूलाल के रूप में हुई है, जो पिछले तीन-चार वर्षों से गुजरात में एक फैक्ट्री में गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। वह अपने बड़े बेटे के साथ वहां रहता था। कुछ दिन पहले नन्नूलाल गुजरात से गांव लौटने की योजना बना रहा था, लेकिन गांव नहीं पहुंच सका। मंगलवार सुबह परिजनों ने उसे घर के सामने पेड़ से लटका हुआ देखा।
परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रहती है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि नन्नूलाल ने किस कारण यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।












