औरैया, 25 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अछल्दा-अछियारी मार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा योगीराज महाविद्यालय के पास अपराह्न लगभग 3:40 बजे हुआ, जब खराब सड़क के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
भैसोल गांव निवासी 30 वर्षीय सुधर सिंह, पुत्र राम औतार, ने मंगलवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे में घायल दूसरे युवक अर्पित का इलाज कानपुर में अभी जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।












