जोधपुर, 02 अप्रैल।
जैसलमेर से अपने परिचित के साथ आए कार चालक के साथ जोधपुर में धोखाधड़ी कर वाहन छीन लिया गया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद कर तीन लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
विवेक विहार पुलिस के अनुसार, फलसूंड तहसील के मदुरासर भूरजगढ़ निवासी मिश्री खां ने बताया कि 31 मार्च को उसके गांव के ही गुलाब सिंह ने व्हाट्सएप कॉल कर जोधपुर जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करने को कहा। मिश्री खां अपने रिश्तेदार से स्कॉर्पियो लेकर दोपहर करीब 12.30 बजे गुलाब सिंह के साथ जोधपुर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में चाबा गांव में डीजल भरवाया और फिर दोनों जोधपुर पहुंचे।
जोधपुर आने पर गुलाब सिंह ने चानणा भाकर में अपने दोस्तों के कमरे जाने का बहाना किया और वहां अपने दो साथियों को गाड़ी में बैठा लिया, जिन्हें मिश्री खां नहीं जानता था। इसके बाद उन्होंने विवेक विहार स्थित पाली रोड तक छोडऩे की बात कही और रास्ते में गुलाब सिंह खुद गाड़ी चलाने लगा।
शाम करीब 5.30 बजे पाली हाईवे के डी-मार्ट के पास गाड़ी रोककर गुलाब सिंह ने जबरदस्ती गाड़ी की चाबी छीन ली और अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। गाड़ी में मिश्री खां के पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और इलाज संबंधी जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे।
विवेक विहार पुलिस ने बताया कि फिलहाल कार और आरोपी बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है और उनकी तलाश जारी है।












