कुआलालंपुर, 17 मार्च।
एएफसी एशियन कप 2027 की क्वालीफिकेशन में बड़ा उलटफेर हुआ है, जब एशियाई फुटबॉल महासंघ की अनुशासन एवं नैतिकता समिति के फैसले के बाद मलेशिया को बाहर कर दिया गया और वियतनाम ने टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया।
समिति ने पाया कि मलेशिया फुटबॉल संघ ने नियमों का उल्लंघन किया और क्वालीफायर मुकाबलों में अयोग्य खिलाड़ियों को मैदान में उतारा। जांच में यह सामने आया कि मलेशिया ने वियतनाम और नेपाल के खिलाफ खेले गए मुकाबलों में क्रमशः 4-0 और 2-0 से जीत दर्ज की थी, जिन्हें नियमों के तहत अब 3-0 से पराजित घोषित कर दिया गया।
मलेशिया फुटबॉल संघ पर 50 हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। संघ ने कहा कि वह इस निर्णय के कारणों को जानने के लिए लिखित अनुरोध करेगा और आगे की कार्रवाई पर विचार करेगा। यह मलेशिया के लिए बड़ा झटका है।
वहीं, वियतनाम ने लगातार तीसरी बार एएफसी एशियन कप 2027 में जगह बनाई है। इससे पहले वर्ष 2019 में टीम क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय कर चुकी है। इस उपलब्धि को वियतनाम की फुटबॉल इतिहास में ऐतिहासिक माना जा रहा है।












