इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार कामाख्या नारायण सिंह और अंशुमान शेखर ने किया है। कामाख्या नारायण सिंह 'द केरल स्टोरी 2' के निर्देशक भी हैं। फिल्म का निर्माण रवींद्र सांघवी ने किया है।
डॉक्यूमेंट्री में ऐतिहासिक आंकड़ों, जनगणना के रिकॉर्ड और क्षेत्रीय अध्ययनों के आधार पर भारत में धार्मिक समुदायों की आबादी में हुए बदलावों का विश्लेषण किया गया है। फिल्म में 1881 से 2011 तक के जनसंख्या आंकड़ों का उल्लेख करते हुए विभिन्न अवधियों में आबादी के अनुपात में आए बदलावों को प्रस्तुत किया गया है।
इसके साथ ही कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और असम जैसे क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलावों पर भी चर्चा की गई है। डॉक्यूमेंट्री में अवैध घुसपैठ, धार्मिक धर्मांतरण, पलायन और प्रजनन दर में बदलाव जैसे विषयों के साथ यूरोप और अमेरिका की जनसंख्या संबंधी परिस्थितियों को भी शामिल किया गया है।
निर्देशक अंशुमान शेखर के अनुसार, फिल्म जनसंख्या में असंतुलन के चार प्रमुख कारणों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर उनके संभावित प्रभावों को सामने रखने का प्रयास करती है। निर्माता रवींद्र सांघवी ने राष्ट्रीय महत्व के विषय को अंतरराष्ट्रीय फिल्म मंच पर प्रस्तुत करने को सम्मान की बात बताया।















