मुंबई, 25 नवंबर।
प्रिया एवेन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जितेंद्र कुमार एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे। ट्रेलर की शुरुआत मुंबई की एक सोसायटी से होती है, जहां उनका किरदार अपने लापता बच्चे की तलाश में परेशान नजर आता है। पेशे से लोक कलाकार यह व्यक्ति बच्चे को खोजने के लिए जुटता है, लेकिन उसकी तलाश धीरे-धीरे रहस्यमयी जांच में बदल जाती है।
फिल्म में प्रिया बापट महिला पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर में बच्चे के गायब होने से जुड़े सवाल, जांच की उलझनें और रहस्यमयी माहौल कहानी को मनोवैज्ञानिक थ्रिलर का रूप देते हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी के कई अहम हिस्सों को अभी रहस्य बनाए रखा गया है।
एक तरफ जितेंद्र कुमार 'पंचायत' के पांचवें सीजन में अपने लोकप्रिय किरदार के साथ वापसी करेंगे, वहीं 'दालिम्ब' में उनका गंभीर और रहस्यमयी रूप देखने को मिलेगा। लगातार दो दिनों में उनकी दो अलग-अलग प्रस्तुतियां रिलीज होने से दर्शकों को उनके अभिनय के दो अलग रंग देखने का मौका मिलेगा।















