मुंबई, 26 नवंबर।
अभिनेता शाहरुख खान की कानूनी टीम ने सोशल मीडिया पर चर्चित एक रील को लेकर कड़ी कार्रवाई की है। इस वीडियो में अनंत अंबानी और सद्गुरु के साथ शाहरुख की बातचीत से जुड़े कथित रूप से गुमराह करने वाले दावे किए गए थे। अभिनेता की टीम ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा को मानहानि का नोटिस भेजकर दो दिन के भीतर रील हटाने को कहा है। नोटिस में इन दावों को असत्य, भ्रामक और अभिनेता की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला करार दिया गया है।
पूरा विवाद मुंबई में हुए 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' कार्यक्रम की क्लिप से जुड़ा है। वायरल रील में यह दावा किया गया कि अनंत अंबानी से बातचीत के दौरान शाहरुख खान को चुप रहने को कहा गया। शाहरुख की टीम ने इसे आधारहीन बताते हुए कहा कि बिना सबूत ऐसी बातें फैलाने से उनकी छवि धूमिल हो सकती है। 23 नवंबर को जारी नोटिस में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 के तहत रील हटाने, संबंधित कैप्शन व टिप्पणियों में सुधार करने और आगे इसे न फैलाने की मांग की गई है।
नोटिस के बाद सुविज्ञ शर्मा ने नया वीडियो साझा कर पलटवार किया है। उन्होंने पूछा कि यदि कथित तौर पर किसी ने अभिनेता को चुप रहने को कहा था, तो क्या वह अपमान नहीं था, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी रील से शाहरुख का अपमान हुआ है। दूसरी तरफ, बड़ी संख्या में प्रशंसक अभिनेता के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं और इस पूरे घटनाक्रम पर दोनों ओर से आ रही प्रतिक्रियाएं सुर्खियों में बनी हुई हैं।















