मोंटे कार्लो, 06 अप्रैल।
दुनिया के टॉप टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज इस हफ्ते मोंटे कार्लो में शुरू हो रहे क्ले कोर्ट टूर्नामेंट में वापसी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि क्ले पर वापसी कर लय हासिल करना उनका मुख्य लक्ष्य है, खासकर फ्रेंच ओपन का खिताब बचाने से पहले।
अल्कराज ने पिछले साल रोलां गैरोस में जैनिक सिनर को हराकर अपना पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इसके अलावा, उन्होंने 2025 में मोंटे कार्लो और रोम में क्ले कोर्ट खिताब अपने नाम किए थे, जबकि बार्सिलोना में उपविजेता रहे।
मोनाको में मीडिया से बातचीत के दौरान अल्कराज ने कहा, “क्ले सीजन मेरे लिए साल का सबसे अच्छा समय होता है। जब क्ले सीजन खत्म होता है, इसकी कमी महसूस होती है। रोलां गैरोस के बाद काफी समय हो गया जब मैंने क्ले पर खेला नहीं। प्रैक्टिस के पहले दिन ही मैंने अपनी टीम से कहा—अब मोजे गंदे करने का समय है। क्ले पर लौटकर बेहद अच्छा लग रहा है।”
22 वर्षीय खिलाड़ी, जो पिछले साल चोट के कारण मैड्रिड ओपन नहीं खेल पाए थे, इस बार पूरा क्ले सीजन खेलेंगे। उनका शेड्यूल मोंटे कार्लो, बार्सिलोना, मैड्रिड और रोम में बड़े टूर्नामेंट खेलने का है, ताकि फ्रेंच ओपन से पहले पूरी तैयारी हो सके, जिसका मुख्य ड्रॉ 24 मई से शुरू होगा।
अल्कराज ने कहा, “यह शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण है। बार्सिलोना में शायद मुझे आराम करना चाहिए, लेकिन यह टूर्नामेंट मेरे लिए खास है। मेरा फोकस रहेगा कि मैच और टूर्नामेंट के दौरान अपने शरीर का ध्यान रखूं।”
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पिछले साल मोंटे कार्लो में मिली जीत उनके करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
अल्कराज ने कहा, “यहां से मिली आत्मविश्वास की वजह से मैं लगातार बेहतर होता गया। मुझे समझ आया कि किस तरह खेलना है और इसी वजह से मेरा साल शानदार रहा।”
मोंटे कार्लो मास्टर्स में अल्कराज अपने अभियान की शुरुआत दूसरे दौर से करेंगे, जहां उनका मुकाबला स्टेन वावरिंका या सेबास्टियन बाएज़ में से किसी एक से होगा।


.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



