कोलकाता, 14 फरवरी।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शालीमार–भोजूडीह–शालीमार अरण्यक एक्सप्रेस में एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाने का फैसला किया है। यह नई व्यवस्था 23 फरवरी 2026 से प्रभावी होगी।
शुक्रवार देर शाम रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12885 शालीमार–भोजूडीह अरण्यक एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 12886 भोजूडीह–शालीमार अरण्यक एक्सप्रेस अब एलएचबी कोच के साथ संचालित की जाएंगी। इस बदलाव के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
एलएचबी कोच पारंपरिक आईसीएफ कोच की तुलना में अधिक सुरक्षित माने जाते हैं। इन कोचों में उच्च गति पर बेहतर स्थिरता, उन्नत ब्रेकिंग प्रणाली और आधुनिक सस्पेंशन की सुविधा होती है। इसके अलावा स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और समग्र यात्रा अनुभव में भी सुधार देखने को मिलता है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस निर्णय से नियमित यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा और रेल सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार होगा।











